बैरागढ़ में खराब सड़कों पर बिछाई डामर की परत l

बैरागढ़ में जसलोक स्कूल के पास, शेर-हाथी बिल्डिंग के पास, शनि मंदिर के पास की सड़कों पर डामर की परत बिछाई गई है।
राजधानी के उपनगर संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) की खराब सड़कों को लेकर नागरिकों द्वारा बार-बार आक्रोश जताए जाने के बाद नगर निगम प्रशासन जागा है। नगर निगम ने यहां पर सड़क सुधार कार्य शुरू करते हुए कुछ सड़कों पर डामर की परत बिछा दी है। कुछ सड़कों की मरम्मत की जा रही है। हालांकि नगर निगम ने इसे नियमित मेंटेनेंस कार्य बताया है।
नगर निगम द्वारा राजधानी में बारिश के कारण खराब हुई सड़कों को सुधारने एवं गड्ढे भरने का काम किया जा रहा है। इसी के तहत निगम के अमले द्वारा संत हिरदाराम नगर के कुछ इलाकों में मरम्मत की गई। निगम आयुक्त केवीएस चौधरी द्वारा नागरिकों के आवागमन की सुगमता के दृष्टिगत वर्षा के कारण खराब हुई शहर की सड़कों को तत्काल बेहतर ढंग से सुधारने के निर्देश के बाद निगम के यांत्रिक विभाग की ओर से पिछले दों दिनो से सड़कों के गड्ढे़ भरने व डामर व सीमेंट से मरम्मत करने का कार्य किया गया जा रहा है।
शनि मंदिर के पास सड़क निर्माण हुआ
निगम के यांत्रिक विभाग के अमले ने बैरागढ़ के जसलोक स्कूल के पास, शेर-हाथी बिल्डिंग के पास, शनि मंदिर के पास की सड़कों पर डामर की परत बिछाई है। विभिन्न सड़कों सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों की मरम्मत एवं रेस्टोरेशन का कार्य भी कराया गया। निगम आयुक्त के निर्देश पर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित क्षेत्रों में यांत्रिक अमला सड़कों की मरम्मत कार्य की निरंतर मॉनीटरिंग कर रहा है। हाल ही में कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने खराब सड़कों को लेकर नगर निगम प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।



