दिल से निकली सेंचुरी, अनुष्का की आंखों से निकले आंसू, फिर विराट ने ये क्या किया?

बैंगलोर: जीत की खुशी, हार का गम, किसी बात पर गुस्सा… अगर इन सभी भावों को ठीक से समझना हो तो क्रिकेट मैदान पर विराट कोहली को देखा जा सकता है। वह खुशी में खुश होते हैं, हार का दुख उनके चेहरे पर साफ तौर पर देखा जा सकता है। अगर गुस्सा होते हैं तो वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाते। कुछ ऐसा ही देखने को मिला एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में। कोहली ने शतक लगाया तो दिल ठोक दिया। स्टैंड में बैठी अनुष्का ने भी पति के लिए दिल खोल दिया तो हार के बाद वह अपने इमोशंस पर काबू नहीं रख पाए।
गुजरात टाइटंस से हार के बाद विराट कोहली के आईपीएल जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया। 2008 से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए खेल रहे विराट कोहली अभी तक एक बार भी खिताब नहीं जीत पाए हैं। रविवार को आईपीएल 2023 के आखिरी ग्रुप मुकाबले में आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए गुजरात टाइटंस पर जीत की जरूरत थी। विराट कोहली की शतकीय पारी के बाद भी आरसीबी मुकाबले को अपने नाम नहीं कर सकी।
साफ दिखी विराट की निराशा
शुभमन गिल ने छक्के से शतक पूरा करके गुजरात टाइटंस को इस मुकाबले में जीत दिलाई। इस छक्के ने ही आरसीबी को लीग से बाहर भी कर दिया। इससे पहले विजय शंकर का कैच लेने की कोशिश में विराट कोहली के घुटने में चोट लग गई थी। जिसकी वजह से वह डग आउट में चले गए थे। जब शुभमन गिल का शतक पूरा हुआ तो विराट कुर्सी पर बैठे ताली बजाते दिखे। लेकिन इसके तुरंत बाद उनकी निराशा भी साफ नजर आई।
अनुष्का ने लुटाया था प्यार
विराट कोहली ने इस मुकाबले में 101 रनों की पारी खेली। आईपीएल इतिहास में वह सबसे ज्यादा 7 शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। यह लगातार दूसरे मैच में उनका शतक है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी विराट के बल्ले से शतक निकला था। यह मैच देखने के लिए विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा भी स्टेडियम में आई थीं। उन्होंने शतक पूरा होने के बाद विराट कोहली को स्टैंड्स से फ्लाइंग किस भी दिया।
पानी की बोतल को पटका
विराट कोहली ने अपनी टीम की हार के बाद निराश होकर पानी का बोतल पटक दिया। हालांकि यह निराशा चंद सेकंड के लिए ही थी। वह तुरंत उठकर मैदान के अंदर गए और शुभमन गिल को बधाई दी। इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों के साथ उन्हें हंसकर बात करते हुए भी देखा गया।



