जिसने सुनाई मुकेश अंबानी के पोती होने की पहली खबर, बेहद करीबी और विश्वासपात्र, कौन हैं ये धनराज नाथवानी?

नई दिल्ली : मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) दादा बन गए हैं। आकाश अंबानी (Akash Ambani) और श्लोका अंबानी (Shloka Ambani) को एक बिटिया हुई है। इस तरह एक बार फिर अंबानी परिवार में किलकारी गूंजी है। आकाश-श्लोका के दो साल का बेटा भी है, जिसका नाम पृथ्वी है। जब नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर की लॉन्चिंग हो रही थी, तो उस समय श्लोका की दूसरी प्रेग्नेंसी की खबरें सामने आई थीं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश-श्लोका की बेटी (Akash-Shloka’s daughter) ने बुधवार को जन्म लिया था। आकाश और श्लोका की शादी 9 मार्च 2019 को हुई थी। वहीं, पृथ्वी का जन्म दिसंबर 2020 में हुआ था। आकाश अंबानी रिलायंस ग्रुप (Reliance Group) में टेलीकॉम और डिजिटल बिजनस को संभालते हैं। आकाश, मुकेश अंबानी के बड़े बेटे हैं।
धनराज नाथवानी ने किया ट्वीट
ट्विटर पर आकाश-श्लोका के बेटी होने की जानकारी धनराज नाथवानी (Dhanraj Nathwani) ने दी है। उन्होंने लिखा, ‘आकाश और श्लोका अंबानी को उनकी नन्ही राजकुमारी के आगमन पर हार्दिक बधाई। यह अनमोल आशीर्वाद आपके जीवन में अपार खुशियां और प्यार लाए।’ अब सवाल यह है कि ये धनराज नाथवानी कौन हैं? आइए जानते हैं।
ईशा, आकाश और अनंत के खास
धनराज नाथवानी ईशा अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी तीनों के दोस्त हैं। वे मुकेश अंबानी के रिलायंस ग्रुप में एक हाई रैंक के अधिकारी भी हैं। उन्होंने लंदन के रीजेंट बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की है और वे मुंबई में रहते हैं। नाथवानी वर्तमान में रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप प्रेसिडेंट के रूप में काम करते हैं।
नाथवानी के पास कई जिम्मेदारियां
उनकी जिम्मेदारी में जामनगर की मैन्यूफैक्चरिंग डिवीजन को देखना भी शामिल है। इसके अलावा वे फाइनेंस और अकाउंट, खरीद और अनुबंध, एचआर, आईटी, सुरक्षा, कॉर्पोरेट मामलों के विभाग और कंपनी के दोनों मैन्यूफैक्चरिंग डिवीजंस की सीएसआर गतिविधियों सहित बिजनस के गैर-तकनीकी पहलुओं को देखते है। नाथवानी रिलायंस न्यू एनर्जी सोलर के डायरेक्टर भी हैं। वे सिर्फ 37 साल के हैं।
सबसे करीबी विश्वासपात्रों में से एक
नाथवानी द्वारकाधीश मंदिर प्रशासनिक समिति के उपाध्यक्ष, गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और प्रभारी अध्यक्ष और जामनगर फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष आदि भी हैं। नाथवानी का रिलायंस ग्रुप में एक फेमस और बड़ा नाम है। वे मुकेश अंबानी और उनके बच्चों के सबसे करीबी विश्वासपात्रों में से एक है।


