नौकरानी ने की थी साढ़े सात लाख की चोरी, सह-आरोपित पति भी गिरफ्तार

भोपाल । मिसरोद थाना इलाके में एक जुलाई को एक घर से साढ़े सात लाख रुपये की चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। वारदात को घर में खाना बनाने वाली नौकरानी ने अंजाम दिया था। इस काम में उसके पति ने भी उसका साथ दिया था। उसके घर से चोरी के 3,30,000 रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने नौकरानी और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिसरोद थाना पुलिस के मुताबिक शालीमार फोर्टलिजा निवासी विजय वासवानी मार्केटिंग का काम करते हैं। वह अपने दो छोटे भाइयों के साथ रहते हैं। विजय ने शिकायत में बताया था कि उन्होंने अपने भाई की फीस जमा करने के लिए साढ़े सात लाख रुपये अलमारी के लाकर में रखे थे। भाई ने अलमारी देखी तो उसका लाकर टूटा हुआ था। उसमें रखे रुपये भी गायब थे। विजय ने वारदात में घर में काम करने वाली गणेश नगर निवासी नौकरानी लता मीना पर संदेह जाहिर किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने कालोनी में लगे सीसीटीवी के फुटेज से साक्ष्य जुटाने के बाद लता से पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में लता ने बताया कि चोरी के रुपयों से उसने पति की मदद से घर की मरम्मत करवाई है। कुछ रुपये उसके पति ने शराब पीने में खर्च कर दिए। तलाशी के दौरान लता के घर से 3,30,000 रुपये बरामद भी किए गए। पुलिस ने लता के साथ ही उसके पति महाराज मीना को भी गिरफ्तार कर लिया।



