बैरागढ़ फ्लाइओवर बनने से स्टेशन रोड पर कम होगा ट्रैफिक लोड, निर्माण कार्य ने पकड़ी गति

भोपाल। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए जल्द ही दो मार्ग हो जाएंगे। यहां बन रहे फ्लाइओवर की डिजाइन में बदलाव के बाद सीटीओ एवं पटरी पार कालोनियों के रहवासी फाटक रोड से सीधे स्टेशन आ सकेंगे, इससे वर्तमान स्टेशन रोड पर ट्रैफिक लोड कम हो जाएगा।
फ्लाइओवर का काम लोक निर्माण विभाग की सेतु शाखा कर रही है। फाटक रोड पर लंबे समय से इसके निर्माण की जरूरत महसूस की जा रही थी। करीब 800 मीटर लंबे आरओबी के लिए 27 करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए हैं। 12 मीटर चौड़ाई पर बन रहे ब्रिज के लिए प्रारंभिक काम शुरू हो गया है। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह काम नवंबर माह तक पूरा करने का लक्ष्य है। फाटक रोड के शुरूआती छोर से थ्री ईएमई सेंटर के सप्लाई डिपो तक इसका निर्माण होगा। फिलहाल मार्ग बंद कर दिया गया है। नागरिकों को बैरागढ़ कलां से घूमकर फाटक क्रास करना पड़ रहा है।
वैकल्पिक मार्ग की कमी पूरी होगी
हाल ही में विधायक रामेश्वर शर्मा की पहल पर लोक निर्माण विभाग ने इसकी डिजाइन में बदलाव किया है। इसका एक हिस्सा स्टेशन छोर पर उतारा जाएगा। सीटीओ, पूजाश्री नगर, कैंप नंबर 12, सत्यम कालोनी एवं देवलोक कालोनी सहित आसपास की एक दर्जन से अधिक कालोनियों के रहवासी सीधे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। इस निर्णय से स्टेशन तक पहुंचने के वैकल्पिक मार्ग की कमी पूरी हो जाएगी। बैरागढ़ के वर्तमान स्टेशन रोड पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा। सीटीओ तरफ जाने वाले वाहन नए मार्ग से निकल सकेंगे। नागरिकों को बैरागढ़ बाजार तक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पटरी पार क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को दोहर सुविधा हो जाएगी। एक तो बार-बार जाम होने से हो रही दिक्कत समाप्त होगी। इसके अलावा स्टेशन तक आवाजाही आसान हो जाएगी।



