बीयू के कर्मचारी क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे, सभी परीक्षाएं स्थगित

मध्य प्रदेश विश्वविद्यालय संयुक्त संघर्ष समिति का क्रमबद्ध कार्य बहिष्कार आंदोलन शुक्रवार को 19 वें दिन भी जारी है। सभी विश्वविद्यालयों में कर्मचारियों ने शुक्रवार से क्रमिक भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है। साथ ही प्रत्येक विश्वविद्यालय में सभी संघों के पदाधिकारी एवं सदस्यगण क्रमिक भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। कर्मचारियों के कामकाज बंद करने से जून की सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इससे एक लाख विद्यार्थियों का भविष्य संकट में है।
क्रमिक भूख हड़ताल पर बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय (बीयू) में शुक्रवार से संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक प्रोफेसर कालिका यादव, अधिकारी महासंघ के अध्यक्ष डाक्टर एलएस सोलंकी, राज्य विश्वविद्यालय सेवा पेंशनर संघ के अध्यक्ष डा. बी भारती, विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की उपाध्यक्ष प्रोफेसर अनिता धुर्वे एवं संयुक्त संघर्ष समिति के सचिव लखन सिंह परमार भूख हड़ताल पर बैठे हैं
गौरतलब है कि गुरुवार को शाम चार बजे संघर्ष समिति के पदाधिकारी प्रोफेसर कालिका यादव, डा. बी भारती एवं सचिव लखन सिंह परमार को उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त कर्मवीर सिंह के साथ चर्चा के लिए बुलाया गया था। आयुक्त के साथ लगभग एक घंटा सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई। चर्चा के दौरान आयुक्त ने पेंशन प्रकरण के संबंध में अवगत कराया कि सातवें वेतनमान से पेंशन दिए जाने संबंधी कार्रवाई त्वरित गति से की जा रही है। फिर भी दो से तीन माह का समय सातवें वेतनमान से पेंशन देने के लिए लग सकता है एवं अन्य मांगों पर भी उचित निर्णय कर कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने अनुरोध किया कि जो आप समय सीमा दे रहे हैं, इस संबंध में लिखित में दिशा-निर्देश जारी कर देंगे तो उचित होगा, लेकिन आयुक्त ने लिखित में दिए जाने से मना कर दिया। समिति के लखन सिंह परमार ने कहा कि जब तक उनकी मांगों के निराकरण के संबंध में लिखित में आदेश जारी नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।



