बैरागढ़ में स्टेशन मार्ग संकरा होने से जाम में फंस रहे यात्री, रोड पर खड़े मैजिक वाहनों से भी परेशानी

भोपाल। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) स्टेशन तक पहुंचने का मार्ग संकरा होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। बार-बार जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। इस मार्ग को चौड़ा करने की जरूरत महसूस की जा रही है। स्टेशन तिराहे पर खड़े मैजिक वाहनों के कारण भी स्टेशन से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है।
भोपाल मंडल ने स्टेशन के विकास का काम हाथ में लिया है। स्टेशन को वंदे भारत योजना में शामिल किया जा चुका है। नए प्लेटफार्म का निर्माण भी किया जा रहा है। हाल में कई ट्रेनों का स्टापेज स्वीकृत हुआ है, इससे यात्रियों की संख्या एवं वाहनों की संख्या बढ़ी है, लेकिन पहुंच मार्ग अब भी संकरा है। यहां दुकानों एवं नाश्ते की होटलों के सामने कब्जा होने से सड़क संकरी हो गई है। ट्रेन की आवाजाही के समय यहां से वाहन निकलने में नगर निगम ने बीआरटीएस मार्ग निर्माण के समय स्टेशन रोड चौराहे पर रोडक्रास बनाने के बजाय लो-फ्लोर बसों का स्टाप बना दिया। स्टेशन रोड के बजाय स्वामी शांतिप्रकाश चौराहे पर रोडक्रास बनाया गया। स्टेशन रोड चौराहे के मुकाबले स्वामी शांतिप्रकाश चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव कम है। यदि बस स्टाप को स्टेशन चौराहे से शिफ्ट कर दिया जाए तो स्टेशन से बाहर निकलते समय वाहन चालकों को हो रही परेशानी से निजात मिल सकती है।
तिराहे पर खड़े मैजिक वाहनों से दिक्कत
स्टेशन तिराहे पर अवैध रूप से खड़े मैजिक वाहनों को हटाने की कार्रवाई पुलिस ने आज तक नहीं की है। यदि अवैध स्टाप हटा दिए जाएं तो यात्रियों की दिक्कत दूर हो सकती है। पुलिस ने मैजिक वाहनों के लिए स्टाप तय किए दिए थे। पुलिस ने कालका चौक, नेहरू पार्क, सिविल अस्पताल, फायर सब स्टेशन एवं पुरानी सब्जी मंडी को अस्थायी स्टाप घोषित किया था, ताकि यात्रियों को बाजार तक आने-जाने की सुविधा मिल सके। स्टापेज नियमों का पालन नहीं होने से यात्रियों को परेशानी होती है। रेल सुविधा संघर्ष समिति के अध्यक्ष परसराम आसनानी का कहना है कि रेल प्रशासन को वैकल्पिक मार्ग का निर्माण करना चाहिए।



