ताजमहल के एंट्री गेट पर भिड़े ससुर और दामाद, बिना ताज देखे लौटे पश्चिम बंगाल के पर्यटक

सुनील साकेत, आगरा: ताजमहल घूमने आए पर्यटकों के बीच एंट्री गेट पर विवाद हो गया। झगड़े में एक व्यक्ति का सिर फूट गया। एएसआई अधिकारियों ने मौके पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई। पता चला कि झगड़ा करने वाले रिश्ते में ससुर और दामाद थे। दामाद ने धक्का देकर ससुर को नीचे गिरा दिया। इससे उसके सिर में चोट लग गई। पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया।
घटना दोपहर 2 बजे की है। रविवार को ताजमहल देखने वालों को काफी भीड़ थी। ताज के पश्चिमी गेट स्थित प्रवेश द्वार पर पर्यटकों की लंबी कतार लगी थी। पश्चिम बंगाल से एक परिवार के 5 सदस्य ताजमहल घूमने के लिए आए थे। इन लोगों में सास, ससुर, बेटी, दामाद के साथ एक अन्य रिश्तेदार भी शामिल था। पश्चिमी गेट के टिकट चेकिंग पॉइंट पर ससुर और दामाद में किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। दोनों एक दूसरे पर लात-घूसे चलाने लगे। इस दौरान दामाद ने ससुर को धक्का दे दिया। इससे वह गिर पड़ा और उसके सिर में चोट लग गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
किसी ने नहीं की लिखित शिकायत
ताजमहल ने वरिष्ठ सहायक संरक्षण प्रिंस वाजपई ने बताया कि दोनों पर्यटक एंट्री गेट पर ही भिड़ गए थे। इसलिए उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सब इंस्पेक्टर खान ने बताया कि झगड़ने वाले ससुर-दामाद दोनों में से किसी ने लिखित शिकायत नहीं की थी। इलाज के बाद दोनों लौट गए।
30 हजार पर्यटक पहुंचे ताज देखने
ईद की छुट्टियों के चलते ताजमहल में रविवार को 30 हजार पर्यटकों ने ताज का दीदार किया था। गर्मी और उमस भी ताज प्रेमियों का जुनून को कम नहीं कर सका। ताज प्रवेश द्वार से लेकर टिकट खिड़की तक पर्यटकों की लंबी कतारें लगी थीं।



