भ्रष्टाचार करने वाले दलों ने गठबंधन नहीं ठगबंधन किया : शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में भ्रष्टाचार करने वाले दलों ने गठबंधन नहीं ठगबंधन किया है। भ्रष्टाचार और बेइमानी करने वाले लोग समान स्वार्थों के कारण इकट्ठे हो रहे हैं। इनका स्वार्थ है कि मारे न जाएं, पकड़े न जाएं। ऐसा गठबंधन जब बनता है तो वह बेमेल हो जाता है। वैचारिक नहीं होता। इसमें अच्छे लोग बेचैन हो जाते हैं। इन्हीं में कई लोग होते हैं जो राष्ट्रीय हित में निर्णय लेते हैं। वह महाराष्ट्र में हाल ही में हुए राजनीतिक घटनाक्रम के संदर्भ में यहां मीडिया के प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे।
शिवराज ने कहा कि महाराष्ट्र में जो हुआ, वह कर्मों का परिणाम है। अब विपक्ष महाराष्ट्र में बिल्कुल खत्म है। शिवसेना भी गई। एनसीपी भी गई। देश मोदीजी के पीछे खड़ा है। बाकी जगह भी अब देखिए क्या होता है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पिछले सप्ताह भोपाल में कहा था कि भ्रष्टाचार करने वाले दल इकट़्ठे होकर बहुत सी गारंटी दे रहे हैं।
सबसे बड़ा सर्वे मेरा, भारी बहुमत से जीतेगी भाजपा
पत्रकारों के एक प्रश्न पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सबसे बड़ा सर्वे मेरा है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीत रही है। मीडिया ने उनसे पूछा था, विधानसभा चुनाव में सर्वे को लेकर आपका क्या कहना है।



