जनजातीय संग्रहालय में भील चित्रकार गंगूबाई के चित्रों की प्रदर्शनी

भोपाल।शहर में सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। सोमवार 29 मई को भी शहर में कई ऐसे कार्यक्रम हैं, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के विथी संकुल में माह के प्रादर्श के रूप में विलुप्त हो रहे वाद्य यंत्र चिकारा का प्रदर्शन समय सुबह 11 बजे से किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ और मप्र के मंडला जिले में उपयोग किया जाना वाला स्वांत: सुखाय लोक वाद्य है। इसे लकड़ी से स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाया जाता है।
मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील चित्रकार गंगूबाई के चित्रों की प्रदर्शनी इन दिनों लगी हुई है। प्रकृति के रंगों में सराबोर चित्र बिंदुओं को जोड़कर बनाए गए हैं। समय दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक है।
यंग थियेटर फाउंडेशन की ओर से शहीद भवन में पांच दिवसीय 14वां सृजन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समारोह के अंतिम दिन प्रतीक शर्मा के निर्देशन में नाटक कंजूस का मंचन किया जाएगा। प्रस्तुति का समय शाम सवा छह बजे से है।
अंकुर मैदान पर आइपीएल का फैन पार्क लगाया गया है, रविवार को फाइनल होना था, लेकिन बारिश के कारण नहीं हो सका अब सोमवार को यह मुकाबला खेला जााएगा इसका प्रसारण बडी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा।



