तेज रफ्तार लो-फ्लोर बस ने स्कूटर सवार को सामने से मारी टक्कर, मौत

भोपाल । तलैया के कमला पार्क इलाके में एक तेज रफ्तार लो-फ्लोर बस ने रविवार शाम करीब चार बजे स्कूटर सवार मो. अरमान को टक्कर मार दी। इस हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। 62 वर्षीय मो. अरमान संजय नगर पहाड़िया ईदगाह हिल्स में रहते थे। लो-फ्लोर बस की रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगने के बाद स्कूटर बस के नीचे फंस गया था और करीब 10 फीट तक बस उसे घसीटती ले गई। घायल अरमान को शाहजहांनाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार तड़के उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने बस को जब्त कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
तलैया थाने के एएसआइ शेभाराम ने बताया कि मो. अरमान अपने घर पर ही रहते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी है। बेटे फ्लैक्स बनाने का काम करते हैं। रविवार को वह अपने स्कूटर से पत्ती लेने के लिए निकले थे, वह तलैया की तरफ आए थे, वहां से काम निपटाने के बाद वह वीआइपी रोड की तरफ आ रहे थे। उसी समय लो-फ्लोर बस कमला पार्क से मोती मस्जिद की तरफ जा रही थी, उसकी रफ्तार काफी तेज थी, उसने सामने से स्कूटर सवार मो. अरमान को टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस ने उनके स्वजनों को सूचना दे दी। इधर, अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वह घर से अक्सर घर के काम के लिए अपने स्कूटर से निकल जाया करते थे।



