आज जेपी अस्पताल में मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं को परखेगी राष्ट्रीय टीम

भोपाल। शहर के जेपी अस्पताल में राष्ट्रीय गुणवत्ता के मानकों पर मरीजों को उपचार देने के इंतजामों को राज्य स्तरीय टीम ने दो दिन में परखा और कमियों को चिह्नित कर सुधार के निर्देश दिए। अब आठ एरिया के 18 बिंदुओं पर फोकस करते हुए व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्स (एनक्यूएएस) की तीन सदस्यों की टीम मंगलवार को जेपी अस्पताल में निरीक्षण करेगी। इसमें टीम अस्पताल का आपरेशन थिएटर सहित अन्य इंतजामों को देखेगी। वहीं मरीजों के उपचार, ओपीडी, आइपीडी, दवा वितरण, आपरेशन आदि के रिकार्ड संधारण की स्थिति का भी निरीक्षण करेगा।
प्रमाण पत्र मिला तो प्रति बेड के मान से मिलेंगे 10 हजार रुपये
गौरतलब है कि जेपी अस्पताल तीन सौ बेड का अस्पताल है। एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन में अब नेशनल टीम आएगी। सर्टिफिकेट मिला तो प्रति बेड के मान से 10 हजार रुपये की राशि तीन सालों तक मिलेगी। इससे अस्पताल में संसाधन, सर्विस बेहतर करने की राह आसान हो जाएगी।
विभागों पर नजर
एनक्यूएस में सर्विस प्रोवीजन, पेशेंट राइट्स, इनपुट, सपोर्ट सर्विसेज, क्लीनिक सर्विसेज, इंफेक्शन कंट्रोल, क्वालिटी मैनेजमेंट और आउटकम सहित आठ एरिया तय किए हैं। इन सभी एरिया के 18 विभागों एक्सीडेंट और इमरजेंसी डिपार्टमेंट, आउट पेशेंट डिपार्टमेंट, लेबर रूम, ऐंटीट्राइज वार्ड, सिक न्यूबर्न केयर यूनिट, पोषण पुर्नवास केंद्र, मेटरनिटी वार्ड, आपरेशन थियेटर, पोस्टमार्टम यूनिट, आइसीयू, इंडोर पेशेंट डिपार्टमेंट, ब्लड बैंक, लैब सर्विसेज, रेडियोलाजी, फार्मेसी, एक्सलियरी सर्विसेज, मर्चुरी और जनरल एडमिनिस्ट्रेशन शामिल हैं, जिनके आधार पर समग्र निरीक्षण किया जाएगा।



