बीस लाख की लूट के आरोपितों की तलाश में पुलिस का हैदराबाद में डेरा

भोपाल। गुजरात के सूरत की एक कंपनी के कलेक्शन एजेंट के साथ हुई बीस लाख की लूट के आरोपितों की तलाश में हबीबगंज पुलिस हैदराबाद पहुंच गई है। जहां पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जिन बदमाशों की तलाश में हबीबगंज पुलिस हैदराबाद गई है, वह बेहद शातिर हैं। पुलिस उनके दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जो भोपाल के हबीबगंज में लूट की वारदात करने के बाद जयपुर, राजस्थान जा रहे थे। पुलिस ने उनको राजगढ़- ब्यावरा से गिरफ्तार कर लिया था।
बताया जा रहा है कि इस गिरोह के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हुए हैं। इस मामले में छह आरोपितों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है। हम बता दें कि हबीबगंज पुलिस ने सूरत की कंपनी डी नटवर के कलेक्शन एजेंट किशन पटेल की शिकायत पर बीस लाख रुपये की लूट का मामला दर्ज किया था। 1100 क्वार्टर हनुमान मंदिर के पास उन्हें दस लाख रुपये देने के लिए बुलाया गया था। बाद में दो लोग पुलिसकर्मी बनकर आए।
सेठ को लेकर थाने लेकर आना
बदमाशों ने लूट की वारदात करने के बाद कलेक्शन एजेंट को यह कहकर धमकाया था कि सेठ को लेकर थाने आ जाना। रुपयों के बैग से संबंधित पूछताछ की जानी है। बाद में लूट का शिकार कलेक्शन एजेंट अपने सेठ को लेकर जब थाने पहुंचा तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
वाहन नंबर से पुलिस पहुंची बदमाशों तक
वारदात के बाद पुलिस को पीडित् की ओर से एक वाहन का नंबर दिया गया था। उस आधार पर पुलिस छह बदमाशों की तलाश शुरू की थी। उसके बाद पुलिस ने बत्तुला महेश और चिन्नम कृष्णा नाम के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपितों ने बीस लाख रुपये की लूट बेटिंग एप के माध्यम से करना कबूल की थी।
दूसरे राज्यों से जुड़े तार
पुलिस की शुरूआती पूछताछ में इस गिरोह के तार दिल्ली, मुंबई, गुजरात समेत बिहार, झारखंड से भी जुड़े हुए हैं। आरोपित हवाला कारोबारियों को टारगेट करते हैं। दोनों गिरफ्तार आरोपित 09 जून तक पुलिस रिमांड पर है।



